अफसा ट्रेनिंग सेंटर पर गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया

 गाजियाबाद। लाइनपार क्षेत्र विजयनगर के वीर अब्दुल हमीद कॉलोनी में एनजीओ द्वारा चलाए जा रहे अफसा ट्रेनिंग सेंटर पर गणतंत्र दिवस बड़ी धूमधाम से मनाया गया जिसमें टेलरिंग, मेहंदी डिजाइनिंग, एंब्रॉयडरी एवं धार्मिक विज्ञान का कुल 25 छात्राओं को डिप्लोमा/ सर्टिफिकेट देकर सम्मानित भी किया गया।

मास को-ऑपरेशन एनजीओ के राष्ट्रीय अध्यक्ष तौसीफ हाशमी ने कहा कि 26 जनवरी को पूरे देश में गणतंत्र दिवस हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। कहा कि 15 अगस्त 1947 को हमारा देश गुलामी की बेड़ियों से मुक्त जरूर हो गया था लेकिन देश की शासन व्यवस्था को चलाने के लिए हमारे पास अपना संविधान नहीं था। संविधान के बगैर देश को नहीं चलाया जा सकता। ऐसे में तब एक संविधान सभा का गठन किया गया और संविधान बनाया गया। इसके निर्माण में डॉ.भीमराव अंबेडकर की सबसे अहम भूमिका रही। संविधान को बनने में 2 साल 11 महीने 18 दिन का समय लगा। गहन विचार विमर्श, मंथन, कई बैठकों के बाद बनाए गए इस संविधान को देश में 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया और भारत को लोकतांत्रिक, गणतंत्र देश के रूप में घोषित किया गया। गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर हमें अपने उन पुरखों को भी नमन करना चाहिए, जिन्होंने ऐसा संविधान रचा, जो भारतीय जनमानस और जनजीवन के लिए जरूरी है। इतिहास उनके बलिदान को याद रखेगा। मैं आज उन सभी स्वतंत्रता सेनानियों को भी नमन कर श्रद्धांजलि देता हूं जिन्होंने देश को आजाद कराने के लिए अपना पूरा जीवन न्योछावर कर दिया। यह संविधान ही है जो भारत के सभी जाति और वर्ग के लोगों को एक दूसरे से जोड़े रखता है। देश के सभी लोगों को एकता के सूत्र में पिरोता है। संविधान को लागू करने के लिए 26 जनवरी का दिन इसलिए चुना गया, क्योंकि 1930 में इसी दिन कांग्रेस के अधिवेशन में भारत को पूर्ण स्वराज की घोषणा की गई थी।

इस अवसर पर मोहम्मद अल्ताफ मेरठ मंडल लाइफ केयर ऑफ़ ह्यूमेन वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष ने कहा आजादी मिलने और संविधान लागू होने के इतने बरसों बाद भी आज भारत अपराध, भ्रष्टाचार, हिंसा, नक्सलवाद, आतंकवाद, गरीबी, बेरोजगारी, लिंग भेद, अशिक्षा जैसी समस्याओं से लड़ रहा है। हम सभी को एक होकर इन समस्याओं को खत्म करने की कोशिश करनी चाहिए। भारत को जब तक इस समस्याओं से बाहर नहीं निकालते तब तक स्वतंत्रता सेनानियों का सपना पूरा नहीं होगा। अगर हम सब देशवासी एक होकर इन समस्याओं से लड़े तो बहुत जल्द विकसित देशों की गिनती में हमारा देश भी गिना जाएगा। कार्यक्रम के दौरान श्री हाशमी द्वारा कुल 25  छात्राओं को सिलाई, कढ़ाई, मेहंदी डिजाइन, धार्मिक विज्ञान का डिप्लोमा एवं सर्टिफिकेट दिया गया इस अवसर पर मोहम्मद असलम सचिव लाइफ ऑफ़ ह्यूमेंन वेलफेयर सोसाइटी, मोहम्मद अयान मेम्बर, वसीम खान एग्जीक्यूटिव मेंबर मास को-ऑपरेशन एनजीओ, मुफ्ती मूबीन, मुफ़्ती सलमान, हाफ़िज़ दानिश, मौलाना तय्यब, मोहम्मद सलीम, आदि सहित  अन्य सेकड़ो लोग उपस्थित थे।